पुलिसकर्मियों को दिए गए आपातकाल में बचाव के टिप्स
पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद तनाव को ध्यान में रखते हुए संभल जिले में मॉक ड्रिल कराई गई। इसमें पुलिसकर्मियों समेत विद्यार्थियों को आपातकाल के समय अपना व दूसरों का बचाव करने की जानकारी दी गई। बुधवार को दोपहर बाद करीब चार बजे से अनाज मंडी समिति स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में एएसपी अनुकृति शर्मा व आलोक भाटी की देख रेख में पुलिसकर्मियों को आपातकाल में खुद को व दूसरों को बचाव के लिए मॉक ड्रिल कराई गई।
वहीं, पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्यकर्मियों व दमकलकर्मियों के साथ बमबारी व गोलीबारी होने पर बचाव कार्य करने समेत आग बुझाने व घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की पूरी प्रक्रिया को करके दिखाया। एएसपी अनुकृति शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान सभी पुलिसकर्मियों पर पूरे उपकरण होने चाहिए।
यदि कहीं केमिकल रिसाव हो रहा है, तो तौलिये को गीला करके नाक पर लगा लें, जिससे कि सांस लेने में समस्या न हो। वहीं, इससे फेफड़ों में भी जहरीली गैस नहीं पहुंचेगी। प्राथमिक उपचार किट साथ रखें। घायलों को उपचार के लिए ठीक से उठाकर ले जाएं। सभी को सीपीआर देना आना चाहिए।
इस बीच किसी भी वस्तु या व्यक्ति को छूते व उठाते समय मास्क व ग्लब्स जरूर होने चाहिए। एएसपी आलोक भाटी ने भी पुलिसकर्मियों से आपदा से बचाव करने की जानकारियां साझा कीं। वहीं, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने कहा कि आपदा के समय बिल्कुल भी घबराए नहीं। सबसे पहले यह देखें कि किसी भी हमले में घायल हुए व्यक्ति की सांस चल रही है या नहीं।
हार्ट-बीट आ रही है या नहीं। इसके बाद सावधानी से सीपीआर दें। इस बीच आरआई अशोक चौधरी समेत डॉ. शुभम अग्रवाल, डॉ. जयकिशन, फार्मासिस्ट जयकिशोर उमराव, संगीता भार्गव व डॉ. राजीव कुमार आदि रहे।