बहजोई। शासन व प्रशासन की मंशा के मुताबिक गोशाला में गोवंशों को खाने के लिए पर्याप्त मात्रा में चोकर समेत हरा चारा व भूसा आदि की व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया जा रहा है। बावजूद इसके ब्लॉक के गांव घासीपुर के गौशाला में गोवंशों को खाने के लिए चोकर की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में नहीं की गई। इसका खुलासा तब हुआ जब कि बुधवार को सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने गांव में पहुंचकर गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ को गौशाला में 238 गोवंश संरक्षित मिले। बावजूद इसके, इन सभी गोवंश को खाने के लिए चोकर के मात्र दो ही कट्टे मौके मौजूद थे। इस पर तत्काल सचिव को हिदायत देते हुए गौशाला में पर्याप्त मात्रा में चोकर की उपलब्धता बनाए रखने की हिदायत दी गई। इस बीच, गौशाला में साफ-सफाई समेत गोवंशों को पीने के लिए साफ पानी की व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया।