चंदौसी। चंदौसी के आवास विकास निवासी दीपक शर्मा की एक वर्षीय बेटी शिवांशी शर्मा मंगलवार की शाम सात बजे बाथरूम में रखी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। बालिका खेलते हुए बाथरूम तक पहुंची थी। बालिका की मां 15 मिनट बाद जब तलाशते हुए बाथरूम पहुंची तो बालिका बाल्टी में पड़ी थी। तत्काल बाल्टी से निकालकर निजी चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पत्नी अर्चना करीब सात बजे पांच वर्षीय बेटे शिवांश को ग्राउंड फ्लोर पर दूध पीने के लिए देने गई थीं। इस दौरान वह बेटी को पहली मंजिल पर ही खेलता हुआ छोड़ गईं थीं। करीब 15 मिनट बाद जब वापस पहुंचीं तो बेटी पहली मंजिल पर दिखाई नहीं दी। तलाश करते हुए बाथरूम में पहुंचीं तो बेटी बाल्टी में पड़ी थी। बताया कि बेटी घुटने के बल चलती थी और खेलते हुए ही बाथरूम तक पहुंची होगी। बाथरूम में 12 लीटर की बाल्टी पानी से भरी रखी थी। जिसमें किसी तरह गिरकर डूब गई। पीड़ित ने बताया वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार की गुजर कर रहे हैं। परिवार में बेटी के अलावा बेटा, पत्नी, माता-पिता और दादा-दादी हैं। पीड़ित परिवार ने इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी।