संभल। असमोली थाना क्षेत्र के जोया-संभल मार्ग स्थित गांव मातीपुर में बेकाबू कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। इसमें एक ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि तीन लोगों का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और मारपीट की। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लिया और थाने ले गई। शुक्रवार की दोपहर करीब सवा बजे गांव मातीपुर में बेकाबू कार ने चार लोगों को रौंद दिया। इसमें गांव मातीपुर निवासी इसराइल (55) पुत्र रमजानी की मौत हो गई। जबकि गांव मातीपुर निवासी छोटे पुत्र ताहिर, गांव धकतोड़ा निवासी कविंदर पुत्र रामचंद्र व मुरादाबाद के बिलारी थाना अंतर्गत गांव दौलतपुर निवासी सुमित पुत्र खेमपाल घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब इसराइल अपने साथी छोटे के साथ जुमा नमाज पढ़ने के लिए जा रहा था। जैसे ही संभल-जोया मार्ग पर पहुंचे तो संभल की ओर से आई कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर काविंदर के चाऊमीन के ठेले से जा टकराई। इसी दौरान बाइक सवार सुमित सामने से आ गया। वह भी इस कार की टक्कर से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और पीटते हुए कमरे में बंद कर दिया। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक व कार को थाने ले गई। घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। जहां एक ग्रामीण की मौत हो गई। तीन का उपचार चल रहा है। मृतक ग्रामीण के परिजनों में कोहराम मचा है।
अनियंत्रित कार ने गांव मातीपुर में टक्कर मारी है। इसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई। तीन का उपचार चल रहा है। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है और तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
रणवीर सिंह, थानाध्यक्ष, असमोली।