चंदौसी/जुनावई। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव सैजना मुस्लिम के नजदीक मेरठ-बदायूं मार्ग पर बाइक सवार ने पैदल जा रहे ग्रामीण को टक्कर मार दी। इसमें ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पीड़ित परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरी ओर बाइक सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं।
मंगलवार की सुबह 11 बजे करीब गांव सैजना मुस्लिम निवासी नत्थू सिंह (50) को बेकाबू बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इसमें ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब ग्रामीण किसी काम से गांव जुनावई जा रहा था। जैसे ही गांव से कुछ दूरी पर पहुंचा तो सामने से आए बाइक सवार अनियंत्रित होकर ग्रामीण से टकरा गए।
इसमें नत्थू सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां नत्थू सिंह को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य बाइक सवार घायलों को रेफर किया गया है। मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृत की पत्नी मुन्नी देवी व बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे छह बेटी व एक बेटे को छोड़ गया है।