बहजोई। करंट की चपेट में आकर ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
रविवार की देर रात नगर के काली मंदिर रोड नई बस्ती में ई-रिक्शा चालक हरीशचंद्र पुत्र शिव नारायण बुरी तरह झुलस गया। मौके पर लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। आनन-फानन झुलसे ई-रिक्शा चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्साधिकारी की ओर से हरीशचंद्र (45) को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब एक बजे ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने के लिए प्लग लगते समय करंट की चपेट में आ गया।
हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आसपास के लोगों का कहना था कि हरीशचंद्र ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार पर दुख का पहाड़ टूटा है। कोई सरकारी मदद मिल जाए, तो परिवार को कुछ राहत मिल सकेगी। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।