यही है वह क्षतिग्रस्त कार जिसे रोडवेज की बस ने टक्कर मारी।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। संभल-हसनपुर मार्ग पर बादल गुंबद के निकट सोमवार दिन में करीब 11:30 बजे रोडवेज बस और कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। नोएडा डिपो की बस दिल्ली की ओर से आ रही थी। बस की टक्कर लगने से कार करीब दस मीटर तक घिसटती चली गई। कार में सवार किसान मुमताज (27) की मौत हो गई। कार में मुमताज का भांजा फरहान (5) और आरिफ घायल हैं। कार में तीन सवार थे। रोडवेज की बस में 61 यात्री थे। अचानक ब्रेक लगने से बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं लेकिन वह यातायात के दूसरे साधनों में सवार होकर अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
भारतल सिरसी निवासी आरिफ, मुमताज आपस में दोस्त हैं। सोमवार को दोनों अपने गांव से कुछ सामान और दवा लेने के लिए संभल आए थे। साथ में मुमताज का भांजा फरहान भी था। सामान और दवा लेकर वापस गांव भारतल सिरसी जा रहे थे। बादल गुंबद में ईंट भट्ठा के निकट कार को जब गांव की ओर मोड़ा तो हसनपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दस मीटर तक घिसटती चली गई।
इसके बाद बस के पहिए थमे। हादसा देख आसपास के लोग दौड़े और कार में फंसे घायलों को निकाला। घायलों को निजी अस्पताल भेजा जहां डाक्टरों ने मुमताज को मृत घोषित कर दिया। आरिफ और फरहान का उपचार चल रहा है।
नखासा थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि रोडवेज बस में सवार लोग अलग-अलग वाहनों से अपने घरों को चले गए। इत्तेफाकिया हादसे की सूचना दर्ज कर ली गई है। मुमताज के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। कोई रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई है। बस और क्षतिग्रस्त कार को नखासा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बस के चालक को पुलिस मौके से थाने ले गई।