बहजोई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा गांव सिहोरी के निकट हुआ।
शनिवार की रात करीब 11 बजे पवांसा व सिहोरी के बीच एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक जगतपाल पुत्र पर्वत सिंह घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्साधिकारी ने जगतपाल (42) को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं पूरे मामले में परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।