गवां/संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां-अनूपशहर मार्ग स्थित गांव हरदासपुर के नजदीक अनियंत्रित हुई डीसीएम गाड़ी ने तीन लोगों को कुचल दिया। इसमें एक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा देख मौके पर चीख पुकार मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। हादसा उस समय हुआ जब तीन लोग एक भोजनालय के बाहर अलाव ताप रहे थे।
रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे गांव हरदासपुर निवासी ओमकार (45) पुत्र छोटे लाल अपने गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव हैदराबाद निवासी रिश्तेदार दिनेश के साथ एक भोजनालय पर बैठे हुए थे। साथ में भोजनालय संचालक का बेटा गौरव भी बैठा था। यह तीनों लोग अलाव जलाकर ताप रहे थे। इसी दौरान एक डीसीएम गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली से टकराकर सड़क से उतर कर भोजनालय की ओर तेजी से आई। बचने का प्रयास किया लेकिन तब तक डीसीएम ने अलाव पर ताप रहे तीनों लोगों को अपनी जद में ले लिया और पास में लगी दीवार को तोड़ते हुए पेड़ से टकरा गई।
डीसीएम चालक मौके से भाग गया। वहीं भोजनालय और आसपास मौजूद लोग भाग कर पहुंचे और घायलों को उठाकर अस्पताल लेकर दौड़ पड़े। उपचार को जाते समय ओमकार की मौत हो गई। जबकि गौरव व दिनेश को गंभीर हालत में रजपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया। जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मौके पर मौजूद राजकुमार सिद्धार्थ ने बताया कि डीसीएम गवां की ओर से आ रही थी। भोजनालय के नजदीक आते ही डीसीएम गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली से टकराने से अनियंत्रित हो गई। भोजनालय पर बैठे लोगों को चपेट में ले लिया। वहीं दूसरी ओर हादसे का शिकार हुए ओमकार की पत्नी सरोज का रोरो कर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गया है।
रिश्तेदार के साथ भोजनालय पर बैठने आए थे ओमकार
संभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव हरदासपुर के नजदीक भोजनालय पर हादसे का शिकार हुए ओमकार के परिजनों ने बताया कि भोजनालय गांव के नजदीक होने के कारण ज्यादातर ग्रामीण वहीं जाकर बैठ जाते हैं। रविवार को भी रिश्तेदार के साथ बस बैठने गए थे। अलाव पर तापते समय हादसा हो गया और जान चली गई। संवाद
डीसीएम की टक्कर से ग्रामीण की मौत हो गई है। दो लोग घायल हुए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर ट्राली का चालक भी फरार है। ट्राली को भी कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक, रजपुरा।