चंदौसी/धनारी। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय बेकाबू कैंटर ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उपचार के लिए बुजुर्ग को लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेते हुए परिचालक को हिरासत में लिया। जबकि चालक मौके से भाग गया।
बुधवार की सुबह 11 बजे करीब धनारी थाना क्षेत्र के गांव भागनगर निवासी अजीराम (75) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बुजुर्ग लघुशंका कर घर लौट रहे थे। जैसे ही आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे की सड़क पार करने लगे तो बबराला की ओर से आए बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। इसमें बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें उपचार को जाते समय मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने बताया कि उनका घर नेशनल हाईवे किनारे है। 11 बजे करीब बुजुर्ग को लघुशंका लगी तो वह सड़क पार कर चले गए। लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। मृतक अपने पीछे तीन बेटे व दो बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कैंटर को पकड़कर परिचालक हिरासत में ले लिया है। जबकि चालक भागने में कामयाब रहा।