बबराला। लखनऊ लाइब्रेरी में हुए अग्निकांड को लेकर यहां भी प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को एसडीएम विकास चंद्र, सीओ अंकित मिश्रा, फायर स्टेशन प्रभारी खुर्शीद अली की संयुक्त टीम ने नगर में स्थित लाइब्रेरी व होटलों का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मानक पूरे न होने के कारण एक लाइब्रेरी को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरी लाइब्रेरी व एक होटल संचालक को मानक पूरे करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
नगर की लोहिया कॉलोनी में स्थित सरवन नामक व्यक्ति की लाइब्रेरी बीते कई सालों से संचालित है, इससे 500 मीटर की दूरी पर स्थित उमेश नामक व्यक्ति अपने ही निजी मकान में लाइब्रेरी बीते एक महीने से चला रहा है।
दोनों लाइब्रेरी की पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा जांच पड़ताल की गई। इसमें सरवन की लाइब्रेरी में दो आग बुझाने वाले सिलिंडर एक्सपायर मिले, जबकि 95 से अधिक छात्रों सूची बताई गई। लाइब्रेरी में आने के लिए बड़ा स्पेस नहीं था। इस लाइब्रेरी के संचालक को जल्द मानक पूरे करने का नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जबकि उमेश की लाइब्रेरी को बंद करा दिया गया। यह बिना नक्शा पास कराए मानकों को ताक पर रखकर संचालित की जा रही थी।
इसके अलावा गुन्नौर-बबराला रोड पर स्थिति होटल मालिक को चेतावनी देते हुए समय से खामियां दूर करने का नोटिस जारी किया गया।
गुन्नौर एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि बुधवार को एक लाइब्रेरी को बंद किया गया है, जबकि एक होटल मालिक व लाइब्रेरी संचालक को नोटिस जारी कर सख्त निर्देश जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि जहां भी मानकों को ताक पर रखकर लाइब्रेरी या होटल संचालित हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अभियान जारी रहेगा।