सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के संभल-गवा मार्ग पर गांव चाचू नागल चौराहे के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इसमें अमरोहा जिले के थाना आदमपुर अंतर्गत गांव चक की मढैया निवासी मोहब्बत (40) पुत्र लल्लू सिंह की मौत हो गई। मृतक का साला अमरोहा जिले के थाना रहरा अंतर्गत गांव जंयतोली निवासी रिंकू गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं दूसरी बाइक सवार दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे करीब मोहब्बत अपने साले के साथ रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बैंट रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही संभल- गवां मार्ग पर गांव चाचू नागल के पास पहुंचे तो सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। परिजनों ने बताया कि मोहब्बत और रिंकू संभल में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। ईंट भट्ठे पर ही रह रहे थे। शुक्रवार की शाम को ईंट भट्ठे से रिश्तेदारी में जाते समय हादसे का शिकार हो गए। मृतक की पत्नी बबली और पांच बच्चों का रोरो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।