चंदौसी (संभल)। जिले भर में बुधवार को करीब एक घंटे के बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चंदौसी में नगर पालिका की तली झाड़ नाला सफाई की पोल खुल गई। मुख्य सड़कों पर दो फीट से ऊपर तक पानी भर गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले कई दिनों से लोग गर्मी से निजात पाने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे थे। लोगों का यह इंतजार बुधवार की दोपहर को पूरा हो गया। दोपहर एक बजे करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश से जहां लोगों को थोड़ी देर के लिए गर्मी से निजात मिली। तो वहीं एक घंटे की बारिश ने नगर पालिका की तली झाड़ नाला सफाई की पोल खोल दी। लगभग एक घंटे की बारिश में ही शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। शहर के स्टेशन रोड, कोतवाली रोड, फव्वारा चौक, संभल गेट, मुरादाबाद गेट, मोहल्ला कागजी, गोलागंज, गोशाला रोड आदि स्थानों पर जलभराव हो गया। लोगों को जलभराव के बीच होकर गुजरने पर मजबूर होना पड़ा। इससे काफी परेशानियों का सामना नगर वासियों को करना पड़ा। दोपहर तीन बजे करीब सड़कों से पानी नीचे उतरा। जिसके बाद फिर से आवागमन शुरू हुआ। वहीं दूसरी ओर संभल में रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और जो उमसभरी गर्मी हो रही थी उससे राहत मिली है।