बहजोई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसा बहजोई-इसलामनगर मार्ग पर हुआ।
सोमवार की शाम इसलामनगर-बहजोई मार्ग पर गांव बहापुर पट्टी व मऊ-कठैर के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। आनन-फानन दोनों घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों में जगदीश पुत्र चूरामन निवासी गांव आलपुर-मैथरा व धर्मवीर को चिकित्साधिकारी ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उपचार को ले जाते समय जगदीश (40) ने दम तोड़ दिया। जगदीश की मौत की जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हल्का दरोगा वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक जगदीश अपने साथी धर्मवीर के साथ गांव से इसलामनगर की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव बहापुर पट्टी व मऊ-कठैर के बीच में हादसा हो गया। धर्मवीर बाइक चला रहा था। उसका अस्पताल में उपचार हो रहा है।