पवांसा ब्लॉक सभागार में मंगलवार को पंचायत सहायक के कार्यों को लेकर खंड विकास अधिकारी रिजवान हुसैन और एडीओ पंचायत अनिल कुमार चौहान ने बैठक की। नियुक्ति के चार महीने बाद 80 प्रतिशत पंचायत सहायकों ने अभी तक ग्राम पंचायत में कोई कार्य नहीं किया है। जबकि वेतन पंचायत सहायकों को प्रतिमाह मिल रहा है। इसे लेकर खंड विकास अधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। 20 मार्च तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी कार्य पूरा नहीं किया गया तो पंचायत सहायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में 98 पंचायत सहायकों में से कुल 65 पंचायत सहायक बैठक में उपस्थित रहे। बीडीओ ने अनुपस्थित रहे 33 पंचायत सहायकों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश कर दिया है। बैठक में आठ ग्राम पंचायत सचिव भी मौजूद नहीं थे, जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। खंड विकास अधिकारी रिजवान हुसैन ने कहा कि गांव में कितनी आबादी, कितने वोटर, महिला, पुरुष कितने हैं, गांव में कितने परिवार प्रवास करते हैं, महिला पुरुष को किन-किन योजनाओं का लाभ मिल रहा है, इसकी सूची होनी चाहिए। गांव में खराब पड़े सरकारी हैंडपंप के बारे में तत्काल ग्राम पंचायत सचिव को अवगत कराएं। स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों को शौचालय नहीं मिले हैं, उन लाभार्थियों की सूची बनाएं। यदि किसी को दो या तीन बार शौचालय मिल गया है, तो इसकी भी जानकारी खंड विकास कार्यालय में दें। इस दौरान डीसी सुरेंद्र कुमार, अवनीश उपाध्याय, अंकित गौतम, जसवंत सिंह, रोहित गुप्ता, पंकज कुमार, वरन सिंह, गौरव सागर, अजरा खांन, ज्योतिका शर्मा, राखी सागर, सुमन, उमर हसन, रोहताश पाल, राजेश कुमार, मुल्की सागर आदि उपस्थित रहे।