धनारी। डीपी विद्यापीठ स्कूल में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को गुमथल और कैल की टीम के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें कैल के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए आठ विकेट से गुमथल की टीम को करारी शिकस्त दी। मैन ऑफ द मैच गोलू को मिला।
सोमवार को डीपी विद्यापीठ स्कूल के मैदान पर क्रिकेट टूर्नामेंट में गुमथल और कैल की टीम के बीच दिलचस्प मुकाबला हुआ। जिसमें कैल के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुमथल की टीम ने 12 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए। जिसमें बल्लेबाज फैजल ने 20 और सौरभ ने 16 रनों का योगदान दिया। कैल के गेंदबाज सरजीत ने तीन और दीपक ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैल की टीम ने 5.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाकर आठ विकेट से मैच जीत लिया। जिसमें गोलू ने 48 और अतुल ने 25 रन बनाए। गुमथल के गेंदबाज आस मोहम्मद ने एक और संजीव ने एक विकेट लिया। अंपायर की भूमिका में अंकित और ऋषित रहे। स्कोरिंग सुमित व प्रियांशु ने की। इस दौरान पवन, निशांत गावर, अनिल पुनिया, मदन गोपाल, गजेंद्र, दिनेश, सीताराम शर्मा आदि मौजूद रहे।