बबराला। वट अमावस्या पर राजघाट के गंगाघाट पर श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। स्नान के बाद भक्तों ने मंदिरों में माथा टेककर दान पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही हवन-यज्ञ के साथ अनुष्ठान कराए। वहीं घाट पर लगी दुकानों पर लोगों ने चाट पकौड़ी की आनंद लिया।
सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का राजघाट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर करीब एक बजे तक गंगा घटा श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भर गया। जहां श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सूर्यदेव को जल दिया। स्नान के बाद घाटों पर स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर अपने परिवार की सुख समृद्धि एवं धन धान्य की कामना की। साथ ही दान पुण्य कर गरीबों को भोजन भी कराया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर घाटों पर गोताखोर भी तैनात रहे। वहीं जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में लोगों ने पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किया।