संभल। जिले में 2815 लाभार्थियों की वृद्धावस्था पेंशन फंस गई है। बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक न होने और एनपीसीआई व डीबीटी न होेन के चलते पेंशन रूक गई है। लाभार्थियों को यह पेंशन तभी मिलेगी, जब बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक हो जाएगा और खाते में एनपीसीआई और डीबीटी चालू हो जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने बताया कि राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी एनआईसी भवन लखनऊ से 2815 लाभार्थियों का डाटा मिला है। यह ऐसे वृद्धजन हैं, जिनका खाता आधार कार्ड से लिंक नही है और न ही एनपीसीआई और डीबीटी चालू है। पेंशन की धनराशि का भुगतान तभी होगा जब यह कार्य पूरा करा लें। ऐसे लाभार्थियों की सूची ब्लाक और नगर निकाय कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है।
संबंधित लाभार्थी इन स्थानों पर जाकर अपना नाम देख लें और फिर आधार सीडिंग का कार्य शीघ्र करा लें। देहात क्षेत्र में पंचायत सहायक से मिलकर इस कार्य को कराया जा सकता है, जबकि शहरी क्षेत्र में नगर निकाय के कर्मी इस कार्य को करा सकते हैं। उन्हें ही सूची भेज दी गई है।