संभल। संभल के जिला अस्पताल निर्माण संबंधी पत्रावली शासन स्तर पर लंबित है। स्वीकृति मिलने का इंतजार हो रहा है। स्वीकृति मिलते ही धनराशि मिलेगी और फिर काम शुरू हो जाएगा। डीएम का कहना है कि लगातार प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।दरअसल, पहले जिला अस्पताल का निर्माण बहजोई में कलक्ट्रेट के नजदीक बड़े मैदान की करीब पांच एकड़ भूमि में किया जाना था। इसके लिए शासन से मंजूरी भी मिल गई थी और 100 बेड के इस अतिआधुनिक अस्पताल में 124 करोड़ रुपये खर्च किए जाने थे। शासन की ओर से कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (भवन खंड) को चयनित किया था। कार्यदायी संस्था ने मिट्टी की टेस्टिंग तक करा ली थी लेकिन जब जमीन का मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो जिला अस्पताल की प्रक्रिया थम गई।
इसके बाद अधिकारियों ने निर्णय लिया कि फत्तेहपुर शरीफनगर में जहां जिले का मुख्यालय बन रहा है। उसके नजदीक ही जिला अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। प्रशासन ने मुख्यालय के नजदीक ही जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भी भेज दिया। यही प्रस्ताव शासन में स्वीकृति के लिए लंबित है।
00000
संभल जिले को 14 साल से जिला अस्पताल का इंतजार
वर्ष 2011 में संभल जिला सृजित किया गया था। इसके बाद अधिकारियों के कार्यालय से लेकर आवास तक अस्थायी तौर पर बनाए गए। जिला मुख्यालय बहजोई ब्लॉक में संचालित होता है। इसी ब्लॉक के परिसर में डीएम और एसपी के कार्यालय बने हैं। जिला अस्पताल का संचालन संभल सीएचसी की बिल्डिंग में शुरू कराया गया था। समय बीतता गया लेकिन जिला अस्पताल को स्थाई ठिकाना नहीं मिला। आमतौर पर जिला अस्पताल के परिसर या नजदीक में पोस्टमार्टम हाउस होता है लेकिन संभल का पोस्टमार्टम हाउस करीब 30 किलोमीटर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी के पीएचसी में बनाया गया। इससे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को कार्रवाई में असुविधा होती है।
0000
संभल सीएचसी जर्जर भवन में संचालित हो रही
संभल मेंं सीएचसी के लिए ही बिल्डिंग बनी थी। कुछ समय सीएचसी का संचालन भी किया गया लेकिन जब जिले की घोषणा हुई तो सीएचसी पुराने भवन में शिफ्ट कर दी गई। अब सीएचसी की बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सीएचसी की मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। सीएचसी के स्टाफ को यह उम्मीद है कि जब जिला अस्पताल को भवन मिले तो सीएचसी अपने भवन में शिफ्ट हो सकेगी। हालांकि, अभी यह इंतजार लंबा करना पड़ेगा।
00000
साइड खबर
संभल मुंसिफी के लिए दतावली में जमीन चिह्नित
संभल मुंसिफी का संचालन शहर के बीचो-बीच शंकर चौराहे के निकट होता है। यहां पर पर्याप्त जगह नहीं है। न पार्किंग की व्यवस्था है और न बैठने की पर्याप्त व्यवस्था। अधिवक्ताओं के चैंबर भी ठीक नहीं है। इस समस्या को देखते हुए संभल मुंसिफी के नए भवन निर्माण की तैयारी शुरू की गई। प्रशासन ने इसके लिए पहले तश्तपुर में जमीन चिह्नित की थी। लेकिन इसे मुंसिफी के लिए पर्याप्त नहीं समझा। इसके बाद फिर से दतावली में 2.251 हेक्टेयर भूमि जमीन चिह्नित की गई है।