चंदौसी। सीएचसी में एक्सरे कराने के लिए अब मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। इकलौते टेक्नीशियन को चार दिन चंदौसी और दो दिन बहजोई सीएचसी में एक्सरे करने पड़ते थे। अब मरीजों को सीएचसी चंदौसी में सप्ताह में छह दिन एक्सरे की सुविधा मिलेगी। मरीजों की परेशानी देखते हुए एक स्वास्थ्य कर्मी को ट्रेनिंग देकर व्यवस्था बनाई गई है।
चंदौसी सीएचसी में हर रोज बड़ी संख्या में मरीज एक्सरे कराने के लिए पहुंचते हैं। यहां एक्सरे कराने वाले मरीजों को सिर्फ सप्ताह में चार दिन ही सुविधा का लाभ मिलता था। क्योंकि बहजोई व चंदौसी सीएचसी में एक ही एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती है। ऐसे में चंदौसी सीएचसी में टेक्नीशियन सिर्फ सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को ही मरीजों के एक्सरे करते थे। जिससे बृहस्पतिवार व मंगलवार को आने वाले मरीजों को निजी लैबों पर एक्सरे कराने जाना पड़ता था। जहां उन्हें अतिरिक्त धन व्यय करना पड़ता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरविंदर सिंह का कहना है कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए एक स्वास्थ्य कर्मी को एक्सरे की ट्रेनिंग दी गई है। जिससे मरीजों को एक्सरे के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।