संभल। अब निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को भी 108 और 102 एंबुलेंस सेवा का लाभ मिल सकेगा। शासन ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। अब तक सिर्फ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ही एंबुलेंस सुविधा मिल रही थी लेकिन अगर मरीज निजी अस्पताल में भर्ती किया है और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराना चाहते हैं तो भी 108 एंबुलेंस सेवा का लाभ ले सकते हैं।
जिले में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के जिला कोआर्डिनेटर पंकज चाहल ने बताया कि जनपद में 108 की 15 और 102 की 23 एंबुलेंस संचालित हैं। दो को रिजर्व में रखा गया है। यह तभी उपयोग में लाई जाती हैं, जब कोई एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई है और मरीज को अस्पताल ले जाना है तो फिर इन्हें संबंधित स्थान पर भेजा जाता है।
उन्होंने बताया कि अब तक एंबुलेंस सिर्फ घर से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने का कार्य कर रही थी लेकिन अब निजी अस्पताल से भी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए शासन ने आदेश जारी किए हैं। मरीज को इसका लाभ लेने के लिए 108 पर कॉल करनी होगी और 10 से 15 मिनट के अंदर संंबंधित स्थान पर एंबुलेंस पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों से एक दो किलोमीटर दूरी वाले अस्पतालों से ही मरीज को सरकारी अस्पताल लाया जा सकेगा।