संभल। जिला अस्पताल में डिजिटल पर्ची के लिए चार काउंटरों बनाए गए हैंं। शुक्रवार को डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने काउंटर का उद्घाटन किया। इन काउंटरों पर महिला, पुरुष, बुजुर्ग व दिव्यांग के लिए अलग-अलग लाइन रहेगी। साथ ही मरीज का ब्योरा भी ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा।
इससे सहूलियत यह रहेगी कि मरीज किसी भी सरकारी अस्पताल में दवाई लेने जाएगा तो चिकित्सक को मरीज की केस हिस्ट्री ऑनलाइन ही मिल जाएगी। इसके लिए डिजिटल पर्ची की भी जरूरत नहीं रहेगी। मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा। मोबाइल नंबर के माध्यम से पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
डीएम ने बताया कि यह अच्छी पहल है। अभी तक मरीजों को लाइन में लगकर परेशान होना पड़ता है।
एक या दो ही लाइन में महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग लगते हैं। इससे काफी असुविधा होती थी। अब डिजिटल काउंटर पर अलग-अलग लाइन लगेगी और समय भी कर्म खर्च होगा। साथ ही मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इस डिजिटल पर्ची में मोबाइल नंबर, आधार नंबर और आभा आईडी की भी जानकारी दर्ज की जाएगी। इस दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, सीएमओ डॉ. तरूण पाठक, सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी, एसडीएम वंदना मिश्रा, डॉ. पंकज विश्नोई आदि मौजूद रहे।