चंदौसी। तैनाती स्थल की ग्राम पंचायत में निवास न करने और कार्य में लापरवाही बरतने पर 24 पंचायत सहायक कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। इन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने पंचायत सहायकों की कार्यप्रणाली की शुक्रवार को समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आई। अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य न करने के आरोप में 24 पंचायत सहायकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पंचायत सहायकों का दायित्व ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा पंचायत सचिवालय के कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग करना है।
ग्राम पंचायत में निवास न करना, नियमित उपस्थिति दर्ज न करना अथवा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन न करना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। इसीलिए कार्रवाई की जा रही है।
-
ये पंचायत सहायक कार्रवाई के घेरे में
बनियाखेड़ा ब्लाक के मौलागढ़ के पंचायत सहायक अनिल कुमार, मोहम्मदगंज के माजिद चौधरी, फरीदपुरखास के धीरेंद्र कुमार, खेड़ाखास की मंजू, बुद्धनगरखंडुआ की आकांक्षा, रुस्तमगढ़ उगिया की सुरभि और भगतपुर मिर्जा के विनय को नोटिस दिया गया है। जुनावई ब्लाक के अहरौलानवाजी की भावना, दबथरा की सुमन कुमारी, गनूपुरा की बाला, जलालपुर की ज्योति शर्मा, लतीफपुरधीर की ऊषा यादव, मईहुसैनपुरखास पिंकी कुमारी, चिरवारी की प्रियंका यादव तथा बहजोई के बबनेटा के सीताराम, बिसारू के अब्दुल कलाम, सादातबाड़ी के विकेश, पगौना की नीतू, नाधौस के हिमांशू शर्मा, घासीपुर के अखिलेश, शेरुआ के पुष्पेंद्र, अर्जुनपुर जूना के संतोष कुमार, मुल्हैटा की अंजली राघव और चौपाशोभापुर की पूजा को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।