बहजोई (संभल)। गो आश्रय स्थल के खाते से फर्जी हस्ताक्षर बनाकर 1 लाख 34 हजार रुपये की धनराशि निकालने के आरोप में डीएम ने ग्राम पंचायत चौपा शोभापुर की ग्राम प्रधान सपना को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीएम मनीष बंसल के मुताबिक 19 अक्तूबर 2023 को एडीओ पंचायत की ओर से मिली रिपोर्ट में बताया गया कि विकासखंड बहजोई की ग्राम पंचायत चौपा शोभापुर की ग्राम प्रधान की ओर से फर्जी हस्ताक्षर कर 1 लाख 24 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली गई। इनमें ग्राम प्रधान की ओर से गो आश्रय स्थल के खाता संख्या 0543000100331848 से 14 अगस्त 2023 को 25000 रुपये, 24 अगस्त को 35000 रुपये, 28 अगस्त को 30000 रुपये, 4 सितंबर को 25000 रुपये तथा 6 सितंबर को 19000 रुपये आहरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बीच 3 अगस्त 2023 को ग्राम पंचायत के सचिव सुभाष चंद्र को गो-आश्रय स्थल पर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। इसको लेकर 5 अक्तूबर को निलंबित सचिव व ग्राम प्रधान से धनराशि के आहरण को लेकर स्पष्टीकरण तलब किया गया था। इस पर सचिव की ओर से 3 अगस्त से 9 सितंबर तक निलंबन समय में किसी भी धनराशि के आहरण को लेकर चेक पर हस्ताक्षर करने से इंकार किया। साथ ही ग्राम प्रधान की ओर से भी पूरे मामले में कोई भी उचित जवाब नहीं दिया गया। इससे साफ है कि ग्राम प्रधान की ओर से सचिव के फर्जी हस्ताक्षर कर 1 लाख 34 हजार रुपये की धनराशि का आहरण किया गया। डीएम ने बताया कि पूरे मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने को लेकर ग्राम प्रधान के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 15 दिन में संतुष्टिपूर्ण जवाब न देने पर आगे की कार्रवाई को चेताया गया है।