बहजोई। विकास कार्यों में अनियमितता बरतते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में तत्कालीन ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामला विकासखंड असमोली की ग्राम पंचायत भैंसोड़ा का है।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि बीते दिनों विकासखंड असमोली की ग्राम पंचायत भैंसोड़ा के ग्रामीणों की ओर से शिकायती पत्र देकर गांव में कराए गए विकास कार्यों में धांधली की शिकायत की गई थी। पूरे मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग को जांच अधिकारी नामित किया गया था।
जांच अधिकारी की जांच आख्या में सामने आया कि ग्राम पंचायत में सीसी टाइल्स समेत सड़क, नाली व शौचालय निर्माण आदि में 1 लाख 99 हजार 472 रुपये की सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। डीएम के मुताबिक सरकारी धन के दुरुपयोग करने में तत्कालीन ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। तय समय में संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर आगे की कार्रवाई के लिए चेताया गया है।