बहजोई (संभल)। लोकसभा चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया में सोमवार को पीस पार्टी के प्रत्याशी राशिद ने अपना पर्चा दाखिल किया। जबकि सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क और 12 निर्दलीय प्रत्याशियों ने 22 नामांकन पत्र खरीदे। वहीं भाजपा और बसपा प्रत्याशी ने नामांकन पत्र तो पहले ही खरीद लिए है, लेकिन अभी तक दाखिल नहीं किया है।
संभल लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में सात मई को मतदान होना है। 12 अप्रैल से कलक्ट्रेट सभागार में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। नामांकन की अंतिम तारीख 19 अप्रैल है। लेकिन अभी तक किसी भी सियासी दल के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया है। हालांकि दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार को पीस पार्टी के प्रत्याशी राशिद ने बहजोई स्थित कलक्ट्रेट में अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने आरओ जिला निवार्चन अधिकारी मनीष बंसल को अपना पर्चा जमा किया। साथ ही उन्होंने पीस पार्टी के नाम से एक ओर पर्चा खरीदा है। वहीं सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क ने नामांकन के लिए चार पर्चे खरीदे हैं। इसके अलावा 12 अन्य लोगों ने 18 पर्चे खरीदे हैं। अभी तक संभल लोकसभा सीट पर 29 प्रत्याशी नामांकन के लिए पर्चे खरीद चुके हैं।
इन्होंने खरीदे पर्चे
सपा प्रत्याशी जियाउर्रहमान वर्क ने चार पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी महेंद्र सिंह ने दो पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी ममलुकउरर्रहमान बर्क ने दो पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी वसीम ने एक पर्चा, वंचित इंसाफ पार्टी के प्रत्याशी शीशपाल उर्फ तलवार ने एक पर्चा, राष्ट्रीय समानता दल के प्रत्याशी मोहम्मद असलम उर्फ पासा ने एक पर्चा, निर्दलीय प्रत्याशी शाने अली ने एक पर्चा, निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद मसरूर ने दो पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी भंवर पाल सिंह ने दो पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी फुरकान अली ने एक पर्चा, पीस पार्टी प्रत्याशी राशिद अली ने एक, निर्दलीय प्रत्याशी ब्रह्मदेव ने दो पर्चे, निर्दलीय प्रत्याशी कौशल कुमार शर्मा ने दो पर्चे खरीदे हैं।
पीस पार्टी प्रत्याशी राशिद हैं कुल 2.28 करोड़ की संपत्ति के मालिक
नामांकन पत्र के साथ जमा किए शपथ पत्र में पीस प्रत्याशी प्रत्याशी राशिद ने अपनी कुल चल, अचल संपत्ति 22876690 दर्शाई है। इसमें चल संपत्ति 3526690 रुपये और अचल संपत्ति 19350000 रुपये हैं। राशिद का अपना खुद का मकान है। एक बाइक और बोलेरो गाड़ी के मालिक हैं। 100 ग्राम सोने के भी आभूषण हैं।