बहजोई (संभल)। पुराना बाजार संभल रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की दोपहर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही है। इससे राहगीरों को काफी दिक्कत हुई।
संभल रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर अतिक्रमण के चलते रोजाना जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन जाम लगने से राहगीरों के साथ ही विद्यार्थियों को काफी दिक्कत होती है। नागरिकों ने कई बार पालिका प्रशासन और कलक्ट्रेट में ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग उठाई लेकिन नतीजा सिफर रहा है। सोमवार की दोपहर क्रॉसिंग पर जाम लगने से एंबुलेंस के साथ ही कई विद्यालयों के वाहन फंस गए। इससे छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कत हुई। काफी देर बात जब जाम खुला तब वाहन चालकों के साथ ही विद्यार्थियों को राहत मिली। व्यापारी नेता सतीश कुमार वार्ष्णेय का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास अतिक्रमण होने के चलते जाम लग जाता है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने के साथ ही क्रॉसिंग पर आरओबी बनवाने की मांग की है।