बहजोई(संभल)। चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में गौतम बुद्धनगर (नोएडा) की पुलिस ने बहजोई के मोहल्ला ब्रह्मबाजार स्थित एक सराफ की दुकान पर छापा मारा। इस बीच चोर को साथ लाई पुलिस ने सराफ की दुकान पर जांच-पड़ताल कर जानकारी हासिल की। करीब तीन घंटे की जांच-पड़ताल के बाद गौतम बुद्धनगर वापस लौट गई।बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे गौतम बुद्धनगर पुलिस चोर को साथ लेकर सराफ की दुकान पर पहुंची और चोरी की ओर से बताई गई जानकारी का हवाला देते हुए सराफ से चोरी का जेवर खरीदने का आरोप लगाते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। दौरान व्यापार मंडल समेत सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से बातचीत की। करीब तीन घंटे की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस वापस लौट गई।
बहजोई कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि जिला गौतम बुद्धनगर के थाना रबूपुरा की पुलिस ने थाना में आमद कराते हुए नगर में किसी सराफ पर चोरी के जेवर खरीदने के आरोप में जांच पड़ताल किए जाने की बात कही।
मीडिया से परहेज करते रहे पुलिसकर्मी
चोर को साथ लेकर बहजोई पहुंची गौतम बुद्धनगर पुलिस ने सराफा की दुकान पर पहुंचकर करीब तीन घंटे तक जांच-पड़ताल करते हुए व्यापार मंडल व सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों से तो बातचीत की, लेकिन पूरे मामले में जानकारी देने को लेकर पुलिसकर्मी मीडिया से परहेज करते रहे।