संभल के कृषक भारती सेवा केंद्र पर खाद नहीं मिलने पर किसानों की लगी भीड़।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नगर के ज्यादातर सरकारी कार्यालयों पर सामाजिक दूरी का उल्लंघन हो रहा है। इससे संक्रमण फैलने का अंदेशा है। सरकारी कर्मचारी पालन नहीं करा पा रहे और आम लोग पालन करने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में संक्रमण कैसे थमेगा। यह लापरवाही उस समय हो रही है जब संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रैंडम सैंपलिंग के दौरान लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इसके बाद भी जागरूकता नहीं है।
शुक्रवार की सुबह तहसील परिसर में काफी संख्या में लोग एकत्र मिले। यह लोग एआरटीओ कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और तहसीलदार कार्यालय अपने काम निबटाने के लिए आए थे। अधिकारियों की व्यस्तता के कारण काम तो नहीं हुए लेकिन भीड़ एकत्र हो गई।
इससे सामाजिक दूरी का उल्लंघन हुआ और संक्रमण का खतरा बढ़ा। जहां एक ओर प्रशासन सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की बात कह रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक कार्यालयों में ही पालन नहीं हो रहा है।
ऐसी लापरवाही से संक्रमण कैैसे थमेगा। लगातार बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या के बाद भी जागरूक नहीं होना चिंता का विषय है। जिम्मेदार अधिकारी पालन कराने को तैयार नहीं हैं।