संभल के एक मेडिकल स्टोर पर मौजूद भीड़। सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई गईं।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। कोरोना संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ने के साथ ही लापरवाही भी बढ़ रही है। लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। मेडिकल स्टोर से लेकर निजी अस्पताल व बाजारों में काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण को बुलावा दिया जा रहा है। मंगलवार को नगर के निजी अस्पताल व मेडिकल स्टोर के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दी। इस भीड़ में ज्यादातर लोगों ने मास्क तक नहीं लगाया। सामाजिक दूरी का उल्लंघन भी जमकर किया गया। इसका पालन भी जिम्मेदार नहीं करा सके। यही हाल नगर के बाजार का रहा।
खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने जमकर सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाईं। पुलिस का पहरा होने के बाद उल्लंघन होता रहा। ऐसे में संक्रमण का खतरा कैसे कम किया जा सकता है। जहां एक ओर जिले में लगातार संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वहीं दूसरी ओर सामाजिक दूरी का उल्लंघन होना चिंता का विषय है। लोगों में जागरूकता की कमी है और जिम्मेदार पालन करा नहीं पा रहे हैं।
इस लापरवाही की वजह से सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा नगर में मंडरा रहा है। जिससे हालात बेहद खराब हो जाएंगे। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का है। पवांसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवाई लेने पहुंचे मरीजों ने सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। यह लापरवाही जिम्मेदारों के सामने होती रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए अपील की जा रही है। वहीं दूसरी ओर यह लापरवाही विभाग पर भारी पड़ सकती है। बाजारों में कोई पालन नहीं किया जा रहा है। दुकानदार और ग्रामीण बिना मास्क के ही दिखाई दे रहे हैं।