चंदौसी। जनपद में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराने की जिम्मेदारी अब पेट्रोल पंप व गैस एजेंसियों के कर्मचारियों को दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि शासन ने महामारी से संबंधित आरोग्य सेतु एप प्रतिदिन दस हजार लोगों द्वारा डाउनलोड कराने के निर्देश दिए गए थे लेकिन वर्तमान में जनपद संभल आरोग्य सेतु एप डाउन लोड कराने के मामले में सबसे खराब प्रगति वाले जनपदों में है।
जिलाधिकारी व शासन ने असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि अब पेट्रोल पंप स्वामी अपने पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों एवं तेल लेने वाले उपभोक्ताओं के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउन लोड कराएंगे। ऐसे ही गैस एजेंसी स्वामी भी अपनी-अपनी गैस एजेंसी पर कार्यरत कर्मचारी एवं डिलीवरी मैन के माध्यम से गैस उपभोक्ताओं के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउन लोड कराएंगे। ताकि कोरोना के संक्रमण से बचाव व सुरक्षा की जा सके।