चंदौसी। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए न तो रेलवे के अफसर गंभीर हैं और न ही यातायात विभाग। भले ही यह सड़क चौड़ी हो गई है, लेकिन रेलवे का केबन न हटने से जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। यातायात पुलिस की तैनाती न होने के कारण वाहन चालक मनमाने ढंग से रॉन्ग साइड में घुस जाते हैं, ऐसे में फाटक खुलने के बाद भी जाम नहीं खुल पाता। अब यह समस्या स्थायी हो चुकी है।
तत्कालीन एसडीएम विनय मिश्रा ने मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू कराया था। बदायूं चुंगी सड़क सड़क पर स्थित कब्रिस्तान की ओर से सड़क को चौड़ा कर दिया गया था। फाटक के दूसरी ओर भी सड़क किनारे किया गया पक्का निर्माण तुड़वाकर सड़क चौड़ी की गई थी। इसके साथ ही रेलवे फाटक पर बने केबन को हटाने के आदेश भी हो गए थे, ताकि जाम न लग सके। इस बारे में रेलवे अफसरों की ओर से भी केबिन हटाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन यह काम महीनों बाद भी नहीं हो सका। यही वजह है कि दोनों ओर सड़क चौड़ी होने के बाद भी फाटक पर रास्ता संकरा होने के कारण वाहनों को एक साथ निकलने में काफी समय लगता है।
इसके साथ ही वाहन चालक भी जल्दबाजी में रॉन्ग साइड घुस जाते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। यहां कभी-कभार होमगार्ड्स की ड्यूटी लगा दी जाती है, लेकिन अक्सर यहां खाकी वर्दी वालों के न होने से व्यवस्था चरमरा जाती है और मिनटों में खुलने वाला जाम घंटों में खुल पाता है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से केबिन हटाने की प्रक्रिया शुरू जरूर की गई थी, लेकिन फिलहाल यह मामला मंडल स्तर पर विचाराधीन है।