संभल। नगर पालिका कार्यालय में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र न बनने से स्थानीय लोग गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में करीब 2500 आवेदन लंबित पड़े हैं, जिससे आवश्यक योजनाओं का लाभ लेने में बाधा आ रही है।
लोग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लगातार नगर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें कई-कई बार मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। आवेदकों का कहना है कि प्रमाणपत्र न मिलने से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारी आवेदकों को आने का समय देते हैं। हालांकि, जब लोग पहुंचते हैं तो उन्हें फोन पर सूचना देने की बात कहकर टाल दिया जाता है। इस रवैये से लोगों में भारी रोष है। कई आवेदक तो महीनों से कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र न बनने से लोगों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वे अपने महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने में असमर्थ हैं। आवेदकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका समय और ऊर्जा बर्बाद हो रही है। स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
00000
यह बोले लोग
डेढ़ साल से भतीजी के जन्म प्रमाणपत्र के लिए चक्कर लगा रहा हूं। बस यही बोल देते हैं कि अभी आया नही है। इसी वजह से स्कूल में भी दाखला नहीं करा पा रहें हैं।
- बिलाल, एडवोकेट, चमन सराय
आठ महीने पहले अपनी भतीजी के जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक नही बना है। पूछने पर कोई न कोई बहाना बना देते हैं। स्कूल में प्रमाणपत्र जमा करना है।
गुलजार खान, खग्गूसराय
पांच साल हो गए लेकिन अभी तक जन्म प्रमाणपत्र नहीं बना है। बार-बार चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूछने पर कोई न कोई बहाना बना देते हैं। स्कूल में प्रमाणपत्र जमा करना है।
मोहम्मद आकिल, चौधरी सराय
अपने भाई के जन्म प्रमाण पत्र के लिए आया था। करीब सात-आठ महीने हो गए हैं लेकिन कोई न कोई बहाना बना देते हैं। स्कूल में जरूरत पड़ रही है।
अब्दुल्ला, कोटगर्बी
-
प्रमाण पत्र नियमानुसार बनाए जा रहे हैं। यदि आवेदन लंबित हैं, तो उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए जाएंगे।
आदित्य प्रकाश, ईओ, संभल