संभल के शंकर चौराहे के नजदीक दाहिनी और बायीं ओर की दुकानें ऐसे खुल रही हैं।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नगर के प्रतिष्ठान खोलने के लिए तहसील प्रशासन ने दाहिनी और बायीं ओर की प्रक्रिया अपनाने के लिए गाइड लाइन जारी की लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा। प्रतिष्ठान दोनों लाइन के खोले जा रहा हैं। सामाजिक दूरी का उल्लंघन हो रहा है। कोरोना संक्रमण फैलने का डर नजर नहीं आ रहा। ऐसे कैसे कोरोना से लड़ी जाएगी जंग। लगातार फैलते संक्रमण के बावजूद लोगों में जागरूकता नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग की सुस्ती और प्रशासन की अनदेखी खतरनाक हो सकती है। बुधवार को नगर के प्रतिष्ठान दाहिनी और बायीं और खोले गए। जबकि प्रशासन की ओर से जो गाइड लाइन जारी की गई है। उसके मुुताबिक बायीं ओर के प्रतिष्ठान खोले जाने थे लेकिन इसका पालन नहीं हुआ। तिथि तय होने के बाद भी पालन नहीं होना और प्रशासन का अनजान बना रहना चिंता का विषय है।
दरअसल प्रशासन ने यह गाइड लाइन इसलिए जारी की थी जिससे सामाजिक दूरी का पालन हो सके और बाजारों में संक्रमण का खतरा कम हो जाए। लेकिन प्रशासन की इस पहल को प्रतिष्ठान स्वामी नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसा तब हो रहा है जब संक्रमण तेजी से फैल रहा है और लगातार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है।