एक मां ने अपनी नवजात मासूम को सौंधन-सिहावली रोड किनारे छोड़ दिया। सुबह में ग्रामीण अपने खेतों पर गए तो उन्होंने सड़क किनारे दुकानों के बरामदे में एक बच्ची को रोते देखा। पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल भेज दिया है और चाइल्ड हेल्पलाइन को इसकी सूचना भी दे दी है।
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव सौधन में रविवार की सुबह करीब पांच बजे ग्रामीण अपने खेतों पर जा रहे थे तो उन्होंने सड़क के किनारे दुकान के बरामदे में एक बच्ची को रोते देखा। एक कुत्ता बराबर में बैठा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने पड़ोस में रहने वाले करन सिंह के घर पर उसकी पत्नी को बच्ची को दिया। उन्होंने बच्ची को दूध पिलाया। इसके बाद एंबुलेंस बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई। बच्चे को डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है। कैला देवी थानाध्यक्ष नरेश कुमार सिंह का कहना है कि बच्ची को जिला अस्पताल भेज दिया है। इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को भी दे दी है।