चंदौसी। कोराना काल में लोगों ने घर में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का स्वागत किया और परिवार के साथ घरों में कार्यक्रम किए। प्रशासन की अनुमति लेकर चंदौसी में तीन स्थानों पर कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों में चुनिंदा लोग ही शामिल हुए। नववर्ष के स्वागत के लिए होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे सजे रहे। कुछ लोगों ने होटल व रेस्टोरेंट में जाकर नववर्ष के उपलक्ष्य में खाना खाया। इन सभी जगहों पर पुलिस का पहरा रहा। शाम से रात तक चेकिंग करती रही।
नववर्ष का स्वागत करने के लिए नगर में तीन स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की प्रशासन से अनुमति ली गई। चंदौसी-मुरादाबाद रोड स्थित चंदौसी ग्रीन, बिसौली गेट स्थित रामकृष्ण धर्मशाल और रोटरी क्लब अमन ने एक अन्य स्थान पर नववर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित करने की परमिशन ली गई। इन स्थानों पर रात आठ बजे से ही नववर्ष आगमन को लेकर कार्यक्रम शुरू कर दिए गए। इन कार्यक्रमों में रंगारंग कार्यक्रम सहित नृत्य व सामूहिक नृत्य जैसे कार्यक्रम आयोजित किए।
पुलिस करती रही चेकिंग
प्रशासन की गाइडलाइन आने के बाद पुलिस ने नगर में बिना अनुमति के नववर्ष आगमन के कार्यक्रमों के आयोजनों पर रोक लगा दी थी। अधिकांश होटल, ढाबा, धर्मशाला, रेस्टोरेंट को वैलून, झालर, लाइटिंग से आदि से सजाया गया। कुछ लोगों ने इक्का दुक्का जाकर खाना खाया और शांतिपूर्वक वापस आ गए। गुरुवार की शाम पांच बजे से ही पुलिस चेंकिग अभियान में जुट गई थी।
पुलिस ने स्टेशन रोड, फव्वारा चौक, एफआर रोड, माल गोदाम रोड, बिसौली गेट, मुरादाबाद गेट, बहजोई रोड, बाईपास रोड, सीता रोड सहित अन्य स्थानों पर बने होटल, ढाबे व धर्मशालाओं की चेकिंग की। पुलिस ने होटल व ढाबा संचालकों से किसी को नववर्ष के उपलक्ष्य में हुड़दंग न करने, शांति पूर्ण से लोगों को बैठाकर खाना खिलाने और अधिक संख्या न भीड़ एकत्र न होने की हिदायत दी।
गली मोहल्लों में बज रहे डीजे को पुलिस ने कराया बंद
नववर्ष के उपलक्ष्य में गली-मोहल्लों में बजने वाले डीजे गुरुवार की रात पूरी तरह से बंद रहे। दो-तीन स्थानों पर डीजे बजने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बंद कर दिया। डीजे बचाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कुछ स्थानों पर लोगों ने गुपचुप तरीके से नववर्ष का स्वागत अपनी तरीके से किया।