बहजोई (संभल)। बिजलीघर को नया ट्रांसफार्मर तो मिल गया, लेकिन 25 से अधिक गांवों को बुधवार की देर शाम तक बिजली सप्लाई नहीं मिल सकी। इससे ग्रामीण इलाकों में लोग हलाकान रहे। वहीं पेयजल समस्या के चलते ग्रामीणों संग पशुओं को भी मुश्किल झेलनी पड़ी। बिजली घर में रविवार की शाम ट्रांसफार्मर खराब होने से 75 घंटे से अधिक समय तक 25 गांवों में बिजली गुल है।
बुधवार को बिजलीघर परिसर में नए ट्रांसफार्मर को क्रेन के माध्यम से लगाने का काम चला। दोपहर के समय विद्युतकर्मियों ने तेल डालने के बाद ट्रांसफार्मर को चार्ज पर लगा दिया। बावजूद इसके शाम सात बजे तक बहजोई बिजलीघर के रायपुर, वहापुर, नॉर्थ व साउथ फीडर से जुड़े गांवों के करीब सात हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं मिल सकी। इससे ग्रामीण इलाकों में विद्युत उपकरण भी शोपीस बने रहे। बिजली से चलने वाली मशीनरी भी ठप रहीं। हैंडपंपों के सहारे ग्रामीणों को पीने का पानी मिला। वहीं विद्युत अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर चार्ज होने के बाद बुधवार की देर रात तक ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति देने का दावा किया। जेई जयवीर सिंह का कहना था कि बिजलीघर पर रविवार की शाम खराब हुए ग्रामीण क्षेत्र के 10 एमवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर को हटवा दिया गया था। मंगलवार को नए ट्रांसफार्मर को लगवाने की कोशिश रही। बुधवार को क्रेन के माध्यम से ट्रांसफार्मर में तेल डलवाया गया। इसके बाद ट्रांसफार्मर को चार्ज पर लगाया गया। जेई ने बताया कि ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग के बाद बुधवार की देर रात ग्रामीण इलाकों में बिजली सप्लाई बहाल करने की पूरी कोशिश है।