गुन्नौर। नगर के प्रमुख नेहरू चौक पर जल्द ही नए गेट का आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा। नगर पंचायत द्वारा चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है। पुराने फारुख अली गेट को हटाने के बाद शनिवार को नए गेट का निर्माण कराने के लिए खोदाई का काम शुरू हो गया।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमरेश तिवारी के अनुसार नया बनाया जा रहा गेट पहले बने फारुख गेट की अपेक्षा अधिक चौड़ा और भव्य बनाया जाएगा। पुराना गेट लगभग तीन मीटर चौड़ाई का था, जिससे बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी होती थी। अब उसकी जगह करीब 10 मीटर चौड़ा आकर्षक गेट बनाया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होने के साथ-साथ नगर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
पता हो कि नगर पंचायत की ओर से बृहस्पतिवार को नेहरू चौक पर बने पुराने गेट और चौराहे के आसपास बनी बाउंड्रीवाल को ध्वस्त करा दिया गया था। इसके बाद शनिवार से निर्माण कार्य की शुरुआत करा दी गई।
नगर पंचायत ईओ का कहना है कि नेहरू चौक के सौंदर्यीकरण के तहत चौक का चौड़ीकरण, आकर्षक लाइटिंग, रंग-रोगन एवं अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र नगर के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित हो सके।