फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नीट : भौतिक विज्ञान के प्रश्नों ने उलझाया

Mon, 05 May 2025 12:32 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
चंदौसी के एसएम डिग्री कॉलेज में नीट परीक्षा से पहले बायोमैट्रिक हाजिरी लगाता छात्र - फोटो : संवाद
विज्ञापन
चंदौसी।
विज्ञापन

जिले में रविवार को चार केंद्रों पर नीट का आयोजन किया गया। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर आए छात्र-छात्राओं ने बताया कि पहले दो विषय से संबंधित प्रश्न आसान आते थे। लेकिन इस बार तीनों ही विषय के प्रश्न काफी कठिन आए। तो कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि भौतिक विज्ञान विषय से संबंधित प्रश्न काफी कठिन थे। परीक्षा में 1614 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। जबकि 35 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे।
मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश को लेकर रविवार को जिले के चार केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) हुई। इन केंद्रों में एसएम इंटर कॉलेज, एसएम डिग्री कॉलेज व चंदौसी इंटर कॉलेज चंदौसी और बहजोई इंटरमीडिएट कॉलेज शामिल रहे। परीक्षा में पंजीकृत 1649 छात्र-छात्राओं में से 1641 ने परीक्षा दी। केंद्रों पर सुबह 11 बजे से ही अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। जहां उनकी गहन तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाई गई। चेकिंग के दौरान अभ्यर्थियों से उनके हाथ पर बंधा कलावा तक उतरवा दिया गया। वहीं परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए यातायात व कोतवाली पुलिस भी व्यवस्था में लगे रहे और अधिकारी भी केंद्रों का जायजा लेते रहे। परीक्षा के दौरान किसी अभ्यर्थी को स्वास्थ्य संबंधित कोई परेशानी न हो। इसके लिए सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम और एक एंबुलेंस भी मौजूद रही। परीक्षा देकर लौटे ज्यादातर छात्र- छात्राओं के चेहरे मायूस दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि इस बार नीट परीक्षा का प्रश्न पत्र काफी कठिन आया। बताया कि भौतिक विज्ञान विषय के प्रश्न काफी उलझाऊ थे।
विज्ञापन

डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि चारों केंद्रों पर नीट परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन तरीके से संपन्न हुई है।
पेपर देने के लिए गुहार लगाती रही छात्रा
एसएम इंटर कॉलेज में रविवार को नीट परीक्षा का आयोजन हुआ। छात्र- छात्राओं को सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक प्रवेश दिया गया। दोपहर करीब दो बजे जिला संभल की रहने वाली छात्रा मुस्कान परीक्षा में शामिल होने के लिए एसएम इंटर कॉलेज पर आईं। जहां देरी होने के चलते उसे प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान छात्रा पुलिस से गुहार लगाती रही। जब उसे प्रवेश नहीं दिया गया, तो वह मायूस होकर वापस चली गई।

अभ्यर्थियों ने कहा-
- पहले दो विषय से संबंधित प्रश्न ज्यादा कठिन नहीं आते थे। लेकिन इस बार तीनों ही विषय के प्रश्न काफी कठिन आए।
श्रव्या, अभ्यर्थी
-भौतिक विज्ञान के प्रश्न अधिक लंबे और कठिन थे। इस बार सिलेबस के बाहर से प्रश्न आए, साथ ही समय भी कम दिया गया। पहले दोपहर दो बजे से शाम 5.20 बजे तक समय होता था। लेकिन इस बार सिर्फ तीन घंटे का ही समय दिया गया।
विज्ञापन

निशा कुमारी, अभ्यर्थी
- मेडिकल में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनने का सपना है। परीक्षा में भौतिक विज्ञान के प्रश्नों ने काफी उलझा दिया, इन प्रश्नों को हल करने में अधिक मेहनत करनी पड़ी। इस बार प्रश्न पत्र भी काफी कठिन आया।
कनिष्का बंधु, अभ्यर्थी

- पहले की अपेक्षा इस बार नीट का प्रश्न पत्र काफी कठिन आया। सिलेबस के बाहर से प्रश्न आए। खासतौर पर भौतिक विज्ञान के प्रश्न काफी मुश्किल थे।
जीवन, अभ्यर्थी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें