चंदौसी। नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने माता के स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। देवी मंदिरों पर भी पूजा करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं ने देवी मां की पूजा कर घर-परिवार के कल्याण की कामना की और घरों में कलश स्थापित कर व्रत रखे।
मंगलवार को चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने माता के स्वरूप शैलपुत्री की विधि विधान से आराधना की। सुबह छह बजे से देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने रामबाग धाम स्थित मां सिद्धिदात्री नवदुर्गा मंदिर, कैथल गेट स्थित श्रीदेवी गंगा मंदिर, सीता रोड स्थित बगिया वाली देवी मंदिर, जारई गेट स्थित प्राचीन देवी मंदिर तथा गांव मौलागढ़ स्थित मां कंकाली देवी मंदिर पर पहुंच विधि विधान से पूजा अर्चना की।
देवी मंदिरों पर भी शासन की गाइडलाइन के अनुसार कोरोना संक्रमण को लेकर पूरे इंतजाम दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने कतार में खड़े होकर बारी आने पर पूजन संपन्न किया।
घरों में पर भी मां शैलपुत्री की श्रद्धाभाव पूजा की गई और घर में कलश की स्थापना की। महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद उपवास रखा और शाम को आरती के उपरांत अपने-अपने व्रत खोले। इसके बाद महिलाओं ने घरों में ही माता के भजन गाये।