चंदौसी(संभल)। 13 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग नारायण सिंह ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। बताया कि लोक अदालत में छोटे-मोटे झगड़े, पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण, बिजली-पानी के बिल, यातायात चालान, श्रम विवाद आदि मामलों का आपसी सुलह के माध्यम से निपटारा किया जाएगा। प्रचार वाहन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आमजन को लोक अदालत की प्रक्रिया, लाभ व उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस वाहन में जनसामान्य के लिए पोस्टर, बैनर, ध्वनि यंत्र और जानकारी से युक्त सामग्री शामिल की गयी हैं। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय वीरकनेडी लाल, अपर सत्र न्यायाधीश आरती फौजदार, अपर सत्र न्यायाधीश विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अवधेश कुमार सिंह, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/ सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन दिव्या गर्ग, न्यायिक मजिस्ट्रेट दिव्या चिंडालिया एवं बार एसोसिएशन चंदौसी के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह व सचिव तीरथ राज यादव आदि उपस्थित रहे।