चंदौसी(संभल)। महंगाई भत्ते के एरिअर का भुगतान न होने पर गुस्साए संविदा कर्मचारियों में रोष है। बुधवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन ने ईओ को ज्ञापन देकर पालिका में कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों का बकाया एरिअर का भुगतान करने की मांग की है। चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। बुधवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के जिलाध्यक्ष नंदू वाल्मीकि के नेतृत्व में संविदा सफाई कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और ईओ धर्मराज को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया कि संविदा सफाई कर्मचारियों का वेतन 5200 रुपये मूल वेतन और 1800 रुपये महंगाई भत्ते में शामिल कर समय समय पर शासन द्वारा बढ़ाए गए महंगाई भत्ते में लागू किए जाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नगर पालिका चंदौसी में कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। जब संविदा सफाई कर्मचारियों के रुके एरिअर के भुगतान के संबंध में पालिकाध्यक्ष से वार्ता की गई तो उन्होंने शासनादेश को स्पष्ट रूप से नकारते हुए कहा कि शासनादेश को मानने के लिए हम बाध्य नहीं है, जब हमारा मन होगा तो हम बोर्ड मीटिंग में प्रस्ताव पारित कर लगाएंगे।
पालिकाध्यक्ष की तानाशाही सफाई कर्मचारियों के प्रति शोषण व उत्पीड़न की नीति को दर्शाती है। कहा कि पालिकाध्यक्ष द्वारा संविदा सफाई कर्मचारियों पर शपथ पत्र दाखिल करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि अन्य नगर निकायों में संविदा सफाई कर्मचारियों से कोई शपथ पत्र नहीं लिए जा रहे हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष नंदू वाल्मीकि, जिला महामंत्री शिवनंदन वाल्मीकि, सनी कमल, सचिन वाल्मीकि सचिन, बंधन, ज्ञान वाल्मीकि, चंदन कुमार, रितिक, सर्वेश, परवेश कुमार, महिपाल, रोहित आदि मौजूद रहे।