चंदौसी(संभल)। राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति ने किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि गांव असालतपुर जारई से दो किलोमीटर आगे पीडब्ल्यूडी द्वारा तीन किलोमीटर फोरलेन मार्ग का निर्माण बनियाठेर के चंदौसी-मुरादाबाद हाईवे तक किया जाना है। आरोप लगाया कि इस मार्ग के निर्माण में कुछ पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मिलीभगत कर गलत कार्य कर रहे हैं। फोरलेन मार्ग की नपत ठीक से नहीं कर रहे। कच्चे मार्ग को बीच में से न नापकर दोनों तरफ से नाप रहे हैं और किसानों की एक ही साइड की भूमि को नाप रहे हैं। जबकि उन्हें कच्चे मार्ग के बीच में से नाप करनी चाहिए।
इसके अलावा फोर लेन के निर्माण में किसानों को सर्किल रेट के हिसाब से चार गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही, ज्ञापन में छुट्टा घूम रहे पशुओं को शीघ्र पकड़वाकर गोशाला में रखवाने की मांग की गई। बताया गया कि अगर किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने पर बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा, सुरेश सिंह, ओमवीर सिंह, राहुल कश्यप, मोहर सिंह, प्रेम शंकर, धर्मवीर मौर्य, अमर सिंह तोमर, संजीव तोमर, पप्पू तोमर, पिंटू मौर्य, रामपाल सैनी, महेंद्र कश्यप आदि मौजूद रहे। संवाद