चंदौसी। शनिवार को लॉकडाउन के चलते नगर पालिका के कर्मचारियों ने आधा दर्जन बाजारों में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़क व नालियों में पड़ा कूड़ा हटाने के बाद क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया।
शासन के निर्देश पर नगर पालिका प्रशासन ने शनिवार को नगर के पसरट्टा बाजार, सर्राफा बाजार, बैंक रोड, घंटाघर, फड़याई बाजार, बड़ा बाजार, हुसैनी बाजार, मुरादाबाद आदि क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। यहां नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने सड़क व नालियों से गंदगी व कूड़ा ट्रैक्टर ट्राली में भरा गया। इसके बाद कर्मचारियों द्वारा नगर के बाहर कूड़ा फेंका गया। नगर पालिका के कर्मचारियों ने सफाई अभियान के बाद पूरे क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव किया। ताकि कोरोना संक्रमण को खत्म किया जा सके। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजकुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर में सफाई अभियान चलाने के बाद सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। रविवार को भी शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर ज्योति प्रकाश गोयल, सभासद देवेंद्र कुमार वार्ष्णेय, अर्चित अग्रवाल सहित कर्मचारी मौजूद रहे।