थाना क्षेत्र धनारी के मढ़ावली गांव में बुधवार को तड़के एक 28 वर्षीय विवाहिता की हत्या कर उसे उपलों के बिटोरे में डालकर जलाने की कोशिश की गई। शौच को गई अन्य महिलाओं ने दहकते उपलों के पास महिला का शव पड़ा देखकर शोर मचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लेकिन तहरीर मिलने के बावजूद अभी तक हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पुलिस का मानना हैकि मामला आत्महत्या का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। धनारी थानाक्षेत्र के मढावली गांव के कुछ महिलाएं जब बुधवार को तड़के शौच के लिए गई तो खलिहान में एक उपलों का बिटौरा जल रहा था। महिलाएं जब उसके पास से गुजरी तो दहकते बिटौरे के सिर्फ पंद्रह फीट दूरी पर महिला का शव पड़ा देखा।
महिलाओं ने शोर मचाया। बिटोरा हटाकर महिला को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसका शरीर सत्तर फीसदी जल जल चुका था, महिला मृत थी। उसकी पहचान ब्रिजेश की पत्नी प्रेमवती (28) के रूप में हुई। दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी सूचना मिलने पर पहुंच गई। मृतक के मायके वाले भी आ गए। मृतका के पिता जवाहर सिंह ने बेटी की हत्या करके उसके शव को उपलों में झोंककर जलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के ससुरालियों ने मायके वालों से रिश्तेदारों के माध्यम से फैसले की बात शुरू की।
इसकी भनक पुलिस को लगी तो कार्रवाई शिथिल कर दी। थानाध्यक्ष अता मुहम्मद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव के लोगों से जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर मृतका ने कुछ दिन पूर्व भैंस खरीदी थी, उसका दूध वह बच्चों के लिए रखना चाहती थी लेकिन उसका पति ब्रिजेश दूध बेचना चाहता था।
इसी से दोनों पति पत्नी के बीच कलह हो गई। बुधवार तड़के मृतका शौच के लिए खेत पर गई तो वहां खुद ही बिटोरे में आग लगाकर उसमें कूद गई, लेकिन जब वह जली तो निकलकर भागने की कोशिश की लेकिन पंद्रह फीट पर जाकर गिर गई। वहां उसकी मौत हो गई। लेकिन मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक महिला 70 फीसदी जली हुई है। महिला को बाहर किसने निकाला, या फिर महिला खुद की बाहर निकली और बिटोरे में आग किसने लगाई, या फिर महिला ने खुद ही आग लगाकर आत्महत्या की, यह जांच का विषय है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
-सुदेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी गुन्नौर