क्षेत्र के सिरसा गांव में चुनावी रंजिश में किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। इस मामले में प्रधान के बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना पुलिस के साथ सीओ ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है।
क्षेत्र के ग्राम सिरसा निवासी रोहित कुमार ने बताया कि उनके पिता महीपाल सिंह (45) पुत्र सूरजपाल सिंह ने ग्राम प्रधान वेदप्रकाश को वोट नहीं दिया था। इससे प्रधान पक्ष उनसे रंजिश मानता था। परिजनों का कहना है कि, शनिवार को रात परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे, जबकि महीपाल सिंह आंगन में चारपाई पर थे।
करीब रात तीन बजे बेटी कविता की आंख खुली तो उसे पिता की कराहने की आवाज सुनाई दी। वह पिता के पास पहुंची और आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कविता ने छत पर सो रहे, छोटे भाई रोहित को बुलाया। बुलाने पर रोहित मौके पर पहुंचा उसने पिता को पानी पीने के लिए उठाया तो वह खून में लथपथ पड़े थे।
उनकी कमर से खून बह रहा था। आनन-फानन में महीपाल को बाइक से गवां के निजी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने महीपाल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उनको घर ले आए। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ उमेश कुमार और एसओ राजकुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने बेटे रोहित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक, सोमपाल पुत्र खेतल, संजय पुत्र वेदप्रकाश, राजू पुत्र सोमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।