बेटे के ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए समधी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके पर पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना भी पहुंचे।
बनियाठेर थाना क्षेत्र में मझावली चीनी मिल के निकट एक शव को पड़ा देखा गया। चर्चा आम हुई तो पुलिस को भी सूचित किया गया। बनियाठेर थानाध्यक्ष प्रदीप यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव के बाद एएसपी कमलेश दीक्षित व पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना भी पहुंच गए। शव के पास बदबू आ रही थी, लग रहा था कि उसने कोई विषाक्त पदार्थ खाया है। पुलिस भी आत्महत्या ही मान रही है। उसके जेब में एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर लिखा था कि चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंजनी के किशनपाल, विद्याराम आदि से चल रही है।
लेखक के स्थान पर मृतक का नाम मलखान पाल (60) पुत्र होरी सिंह निवासी मऊ नागर थाना शाहबाद जिला रामपुर लिखा था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क साधा। परिजन पहुंचे तो उन्होंने मलखान पाल की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है, क्योंकि 24 फरवरी को सैंजनी निवासी विजयपाल पुत्र किशन लाल, विद्याराम पुत्र भोजराज, किशन लाल व गेंदन लाल पुत्र कल्लू तथा पूर्व प्रधान सुधीर सक्सेना पुत्र आनंद स्वरूप सक्सेना ही मलखान को यह कहकर बुलाकर लाए थे कि दहेज हत्या के मुकदमें में समझौता करा देंगे, रिश्तेदारों के साथ बैठकर बातचीत करनी है। इसके बाद मलखान का शव सैंजनी गांव के निकट ही मझावली में मिला।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र राजीव की तहरीर पर विजयपाल, विद्याराम, किशन लाल, गेंदन लाल, पूर्व प्रधान सुधीर सक्सेना के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।