नगर पालिका परिषद, संभल के नाले-नालियों की सफाई के दावे खोलखे नजर आ रहे हैं। भैंस नदी में दूर-दूर तक कहीं सफाई नहीं दिख रही है। नदी में पॉलिथीन और अन्य कूड़ा भरा हुआ है। मानसून आ चुका है। ऐसे में जलनिकासी प्रभावित रहेगी, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पालिका का दावा है कि सफाई कराई गई है।
भैंस नदी मोहल्ला देहली दरवाजा से होकर हल्लू सराय तक बहती है। पहले इस नदी पर अवैध कब्जे के साथ अतिक्रमण हो गया था। कहीं मकान तो कहीं दुकान बना ली गई। इसी के चलते मामूली बारिश के बाद ही जलभराव के हालात बन जाते थे। भैंस नदी पर हुए अवैध कब्जे को लेकर तत्कालीन एसडीएम दीपेंद्र यादव ने जून-2021 में भैंस नदी पर हुए अवैध कब्जे हटवाए। उम्मीद जगी कि इससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी लेकिन वर्तमान हालत खराब हो गए हैं। साफ-सफाई न होने से पॉलिथीन और अन्य कूड़ा भरा है और घास उग आई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल यादव का कहना है कि साफ-सफाई कराई गई है। यदि कहीं होगी तो उसे भी साफ करा दिया जाएगा।