संभल। सांसद डॉ. शफीकउर्रहमान बर्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। इसमें उन्होंने कोरोना महामारी की दूसरी लहर को लेकर चिंता व्यक्त की है। साथ ही चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
सांसद ने बुधवार को भेजे ज्ञापन में कहा है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण लगातार संक्रमित मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे भारत के अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करना और इलाज करना मुश्किल हो रहा है। हर दिन संभल और मुरादाबाद जिले में भी कोरोना संक्रमित मरीज बढ़ रहे हैं, लेकिन अफसोस है कि हर रोज कोरोना से मरने वालों की तादाद में इजाफा हो रहा है।
सरकार दावे कर रही है कि प्रदेश में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी नहीं है जबकि हकीकत में मरीजों को बेड तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों के परिवार के लोग ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन और दवाई के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। इसके बाद भी उनको ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा है। बहुत दुख होता है जब पता चलता है कि कितने लोग ऑक्सीजन और इलाज नहीं मिल पाने से दुनिया से रुखसत हो रहे हैं।
सांसद ने अपील की है कि संभल और मुरादाबाद जिले को पर्याप्त ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कहा है कि जो लोग घर पर आइसोलेट हैं उनको सही होने तक पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन और दवाई भी पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की जाए।