सपा सांसद डा.शफीकुर्रहमान बर्क बरेली जेल में बंद हिंसा के आरोपियों से मुलाकात कर आते हुए।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुई संभल में हिंसा के आरोपियों से मुलाकात करने के लिए सपा सांसद बरेली जेल पहुंचे। उन्होंने हिंसा के आरोपियों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही जेल प्रशासन से भी आरोपियों को परेशानी नहीं होने की बात कही है। रविवार को सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क बरेली स्थित जेल पहुंचे। उन्होंने संभल हिंसा के दौरान पकड़े गए आरोपियों से मुलाकात की।
आरोपियों को कानून प्रक्रिया चलने का हवाला दिया। साथ ही जल्द जेल से बाहर कराने का आश्वासन दिया है। सांसद ने जेल प्रशासन से भी आरोपियों को सहूलियत देने की बात कही है। जिससे आरोपियों को परेशानी का सामना करना न पड़े।
मालूम हो 19 और 20 दिसंबर को संभल नगर में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर प्रदर्शन हुए थे। यह प्रदर्शन हिंसक हुए। जिसमें दो लोगों की जान गई। भीड़ ने सरकारी और निजी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी।
पुलिस ने हिंसा के आरोप में 43 लोगों को हिरासत में लिया था। जो बरेली जेल में बंद हैं। उनकी जमानत की प्रक्रिया चल रही है। उन्हीं आरोपियों से सांसद ने मुलाकात की है।